नौगढ़: समाधान दिवस पर 99 में से मात्र 2 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

Spread the love

चन्दौली। नौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कुल 99 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, वन विभाग, विकास और पुलिस प्रशासन से संबंधित रहीं। शिकायती पत्रों का कम निस्तारण देख जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी लंबित प्रार्थना पत्रों को एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो प्रार्थना पत्र निस्तारित नहीं हो पाए हैं, उन्हें संबंधित विभागीय अधिकारी एक सप्ताह के अंदर मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से हल करें। निस्तारण ऐसा होना चाहिए जिससे पीड़ित को दोबारा चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा पुलिस से संबंधित शिकायतों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण हमारी प्राथमिकता है। संबंधित थाना अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राजस्व टीम के साथ समन्वय बनाकर भूमि विवाद और पुलिस से जुड़ी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्षता से हल निकालें। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी पवन यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, चंद्रप्रभा, सोशल सेक्टर के अधिकारीगण, जिला कृषि अधिकारी, तहसीलदार राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी (नौगढ़) मोहन सिंह, सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *