झज्जर । झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट में रबीन्द्र पटेल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पदभार संभाला। पटेल ने 26 अक्टूबर 1991 को एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु (एग्जीक्यूटिव ट्रेनी) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। एनटीपीसी में तीन दशक से अधिक के अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने परिचालन, मैकेनिकल मेंटेनेंस, ऐश डाइक मेंटेनेंस, तथा ऑपरेशन्स एवं मेंटेनेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने एनटीपीसी कहलगांव, फरक्का, विंध्याचल, रामागुंडम, पतरातू और कॉरपोरेट सेंटर में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं।
पटेल ने नेतृत्व, परियोजना एवं संचालन प्रबंधन, सुरक्षा, पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों, रखरखाव सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रशिक्षण एवं विकास कार्यक्रमों में भाग लिया है। इनमें एनटीपीसी पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित कार्यक्रम भी शामिल हैं।
पटेल ने वर्ष 1991 में गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, बिलासपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. की डिग्री प्राप्त की है। विभिन्न विद्युत परियोजनाओं और संयंत्रों में लंबे अनुभव तथा तकनीकी, संचालन और परियोजना से जुड़े कार्यों की व्यापक समझ के साथ श्री रबीन्द्र पटेल के नेतृत्व में एपीसीपीएल के आगे बढ़ने और परिचालन उत्कृष्टता, परियोजना कार्यों तथा समाज के लिए सतत विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित करने की उम्मीद है।
