रेनूकूट, । थाना जीआरपी मिर्जापुर के अंतर्गत चौकी जीआरपी रेनूकूट पुलिस ने अभियान मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन पर छूटा महिला यात्री का बैग सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया।
पुलिस के अनुसार, महिला यात्री जैनब खातून पत्नी खलील अंसारी, निवासी सिंगरौली (मध्य प्रदेश), 2 सितंबर को रेनूकूट रेलवे स्टेशन से डाल्टनगंज की यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनका बैग रेनूकूट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर छूट गया। बैग में सोने का एक जोड़ी झाला, चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, बैंक संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कपड़े एवं कॉस्मेटिक सामान रखा था।
रात्रि गश्त के दौरान चौकी प्रभारी रेनूकूट उ0नि0 श्रीकान्त मौर्या ने संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म पर लावारिस हालत में उक्त बैग बरामद किया। बैग में मिले मोबाइल के माध्यम से महिला यात्री से संपर्क कर उन्हें इसकी सूचना दी गई।
3 सितंबर को महिला यात्री के भाई अल्मुददीन अंसारी चौकी पर पहुंचे। पुलिस ने बैग में रखे सामान का सत्यापन कराने के बाद पूरा सामान सुरक्षित अवस्था में उन्हें सुपुर्द कर दिया। अपना सामान वापस पाकर महिला यात्री के भाई ने जीआरपी पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष जीआरपी मिर्जापुर राजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई।
