अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने किया सार्वजनिक पुस्तकालय का शुभारंभ
हर घर, हर विद्यालय में किताबों के लिए हो एक जगह और हर दिन हो एक समय पढ़ने के लिए, आनंद के लिए पढ़ें बच्चे – अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा
प्रयागराज / लखनऊ। पुस्तकालय प्रकोष्ठ, माध्यमिक शिक्षा विभाग उ.प्र. शासन द्वारा पठन संस्कृति को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को मोबाइल एवं डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक करने तथा उनमें पुस्तकों एवं समाचार-पत्रों के नियमित पठन की आदत विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के सिविल लाइन्स परिसर में रविवार को पठन संस्कृति उत्सव “स्क्रीन से पन्नों की ओर” का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी शर्मा ने कहा कि पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक सांकेतिक कार्यक्रम है। पूरे प्रदेश में सरकार की ये सोच है कि बड़ों में और छोटों में, दोनों में आज के स्क्रीन के युग में विशेष रूप से पठन संस्कृति को बढ़ावा दिया जाए। लोग आनंद के लिए पढ़ें, सिर्फ अंकों के लिए न पढ़ें। हर घर में, हर विद्यालय में एक जगह हो किताबों के लिए और हर दिन में एक समय हो पढ़ने के लिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकों से जुड़ाव विद्यार्थियों के ज्ञान, चिंतन, कल्पनाशक्ति और व्यक्तित्व विकास को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ पुस्तकों एवं समाचार-पत्रों के नियमित पठन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के परिसर में स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय का सामान्य जन के लिए शुभारंभ किया गया तथा पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाली हानियों को रेखांकित करते हुए पुस्तकों के पठन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रभावशाली लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा विशेष कार्याधिकारी, पुस्तकालय प्रकोष्ठ शान्तवना तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई।
तीन सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सामान्य ज्ञान क्विज का आयोजन महेश चंद्र देवा द्वारा किया गया। मिथिलेश लखनवी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। द्वितीय सत्र में समाचार-पत्र पढ़ने की उपयोगिता पर चर्चा हुई। तृतीय सत्र में “लेखक से संवाद” कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा एवं लेखिका प्रो. नीलम शरण गौर के बीच संवाद हुआ, जिसका संचालन चंद्र प्रकाश ने किया।
कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं पुस्तकालय अध्यक्षों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजा राम मोहन राय लाइब्रेरी फाउंडेशन, कोलकाता के पूर्व महानिदेशक के. के. बनर्जी का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सचिव बेसिक शिक्षा परिषद सुरेन्द्र कुमार तिवारी, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कामता राम पाल, यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य, शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
