*➤ 112 यात्रियों को किया गया प्रभारित* ➤ *1,00,499 /- रुपये का जुर्माना वसूला गया*
प्रयागराज। प्रयागराज मण्डल अपने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं एवं सुरक्षित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने हेतु समय-समय पर विशेष अभियान संचालित करता रहता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, श्री हरिमोहन के निर्देशन में मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 22 अगस्त 2026 को प्रयागराज जंक्शन पर मजिस्ट्रेट मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टिकट जांच स्टाफ द्वारा स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में व्यापक जांच की गई तथा बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों एवं बिना बुक कराए सामान ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।इस अभियान में 13 टिकट जांच स्टाफ, 05 रेलवे सुरक्षा बल कर्मी तथा 11 राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।
विशेष अभियान के दौरान कुल 112 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के अंतर्गत प्रभारित किया गया, जिनसे कुल 1,00,499/- रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें 105 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, बिना बुक समान के साथ 3 यात्री एवं 4 अवैध वेंडर से 1,00,499 रुपये का जुर्माना वसूला गया।यह अभियान रेलवे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ स्टेशन एवं रेल परिसरों में अनुशासन, स्वच्छता एवं यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी प्रभावी सिद्ध हुआ।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें तथा यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अनियमितता की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें। प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे।
