सोनभद्र, सिंगरौली। सिंगरौली स्थित भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में मंगलवार को सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जन जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग को मादक द्रव्यों के सेवन के हानिकारक प्रभावों के प्रति सचेत करना तथा देश को नशे की विभीषिका से मुक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अरुण कुमार जायसवाल सहित एनसीएल मुख्यालय से विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (मानव संसाधन), राजेश त्रिवेदी ने उपस्थित सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपस्थित जनों ने किसी भी रूप में या किसी भी मकसद से कोई हानिकारक या नशीले पदार्थ का सेवन न करने और दूसरों को भी इनसे दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही, ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ के संकल्प को पूरा करने में अपना पूर्ण योगदान देने और समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक नशा-मुक्त जीवन का संदेश पहुँचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गत सोमवार को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की शुरुआत 15 अगस्त 2020 को की गयी थी । इस अभियान का मुख्य लक्ष्य मादक पदार्थों की मांग में कमी लाना, नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार व परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना तथा उच्च शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और स्कूलों के माध्यम से युवा पीढ़ी को जागरूक कर एक स्वस्थ समाज की स्थापना करना है।
