रेणुकूट के नगर पंचायत वार्ड-8 में हिंडाल्को ने कराया सामुदायिक शौचालय का जीर्णोद्धार

Spread the love

रेणुकूट। स्थानीय समुदाय को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हिंडाल्को सीएसआर विभाग द्वारा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में स्थित जर्जर अवस्था में पड़े सामुदायिक शौचालय का जीर्णोद्धार कराया गया। इस शौचालय परिसर में पुरुष एवं महिला दोनों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जिसका लाभ अब क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को मिलेगा।

लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण यह शौचालय उपयोग के योग्य नहीं रह गया था। स्थानीय समुदाय की आवश्यकता को देखते हुए हिंडाल्को सीएसआर को प्राप्त अनुरोध के बाद सिविल विभाग ने इसका नवीनीकरण कार्य कराया, जिससे अब क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिल सकेंगी। यह पहल स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह कार्यक्रम हिंडाल्को सीएसआर प्रमुख अनिल झा एवं एचआर विभाग के विजय व्यास की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय सुविधाएं सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन से जुड़ी होती हैं। उन्होंने समुदाय से इन सार्वजनिक सुविधाओं के संरक्षण एवं नियमित उपयोग की भी अपील की।

कार्यक्रम में समुदाय की ओर से नगर पंचायत सभासद दिनेश गुप्ता, नौशाद एवं सोनू शाह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया तथा समुदाय की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए इस कार्य को पूरा कराने के लिए हिंडाल्को के वरिष्ठ प्रबंधन, सीएसआर एवं सिविल विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंडाल्को द्वारा क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहलें जारी रहेंगी । इस अवसर पर सीएसआर विभाग से श्री सचिन सिंह एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *