कैलारस- बीरपुर आमान परिवर्तित रेलखंड का लोकार्पण, तीन नई गाड़ियों की विस्तारित सेवा का शुभारंभ

Spread the love

कैलारस–बीरपुर रेल सेवा से क्षेत्र में विकास, रोजगार और व्यापार को मिलेगी नई गति- रेल मंत्री

मध्य प्रदेश के रेल बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, ₹632 करोड़ से बढ़कर ₹14,700 करोड़ हुआ आवंटन- अश्विनी वैष्णव

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के कैलारस और बीरपुर स्टेशन के मध्य आमान परिवर्तन के उपरांत नवनिर्मित रेलखंड का लोकार्पण एवं आमान परिवर्तित रेल खंड पर तीन नई गाड़ियों की विस्तारित सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश डॉ मोहन यादव, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा मुरैना के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने किया। उपस्थित जन समुदाय को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने  कहा कि कैलारस से बीरपुर तक मेमू सेवा का विस्तार ग्वालियर–चंबल अंचल के लिए केवल एक नई रेल सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। इस सेवा से बीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों का ग्वालियर सहित प्रमुख शहरों तक आवागमन अधिक आसान होगा।

उन्होंने कहा कि रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए बाजार और व्यापारियों के लिए नए अवसरों का विस्तार होगा। ग्वालियर–श्योपुरकला रेल परियोजना के आगे बढ़ने से क्षेत्र के गांव और शहर बेहतर तरीके से जुड़ेंगे तथा कूनो राष्ट्रीय उद्यान जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम होने से पर्यटन आधारित रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्वालियर–चंबल अंचल के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। माननीय रेल मंत्री ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर–चंबल अंचल के लिए केवल एक रेल परियोजना के पूर्ण होने का अवसर नहीं, बल्कि क्षेत्र की आकांक्षाओं, विकास की संभावनाओं और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मध्य प्रदेश को वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए लगभग ₹15,188 करोड़ का प्रावधान किया गया है तथा राज्य में लगभग ₹1.18 लाख करोड़ की रेलवे परियोजनाएँ प्रगति पर हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 80 स्टेशनों के पुनर्विकास सहित आधुनिक रेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर–श्योपुरकला आमान परिवर्तन परियोजना लगभग 188 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसकी लागत लगभग ₹3,128 करोड़ है। आज कैलारस–बीरपुर के 56 किलोमीटर आमान परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलखंड का उद्घाटन इस व्यापक परियोजना की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर–चंबल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी का यह विस्तार आने वाले समय में रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा। उन्होंने इस परियोजना के लिए राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों, रेलवे प्रशासन और क्षेत्र की जनता के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आधुनिक, सुरक्षित, सक्षम और जन-केंद्रित भारतीय रेल के निर्माण के संकल्प को और गति देने का आह्वान किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे गरीबों की सवारी है और मिडिल क्लास की सवारी है। आम जन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए 12500 जनरल एवं स्लीपर कोच के निर्माण का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बंदे भारत एक्सप्रेस नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के माध्यम से भारतीय रेल को नया स्वरूप देने का काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में माननीय मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कैलारस–सबलगढ़–बीरपुर रेलखंड के आमान परिवर्तन के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। आज उनकी वर्षों पुरानी आकांक्षा पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा का बीरपुर तक विस्तार केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि सबलगढ़, बीरपुर और आसपास के क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। माननीय सांसद मुरैना शिवमंगल सिंह तोमर ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मेमू ट्रेन के शुरू होने से क्षेत्र की जनता बेहद खुश है। हम उम्मीद करते हैं कि यह विकास यात्रा निरंतर चलती रहेगी।  इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह तथा मंडल रेल प्रबंधक, झांसी अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विजयपुर के विधायक मुकेश मल्होत्रा, मुरैना की महापौर शारदा सोलंकी, कैलारस नगर पालिका की अध्यक्षा अंजना बंसल, सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *