संबलपुर, ।: महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कंपनी मुख्यालय में आयोजित समारोह में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक उदय अनंत काओले ने तिरंगा फहराया और मार्चिंग टुकड़ियों की सलामी ली।अपने संबोधन में काओले ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा में एमसीएल के योगदान और सामुदायिक विकास के लिए किए जा रहे सीएसआर एवं कल्याणकारी कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने लगातार तीन वित्तीय वर्षों में 200 मिलियन टन से अधिक कोयला उत्पादन की उपलब्धि के लिए ‘टीम एमसीएल’ की सराहना की।
समारोह में निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार झा, मुख्य सतर्कता अधिकारी संबीत सौरव नायक, पूर्व निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी, जागृति महिला मंडल की सदस्याएं, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डीएवी पब्लिक स्कूल, बुर्ला के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। एमसीएल के सभी परिचालन क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए।
