उल्लेखनीय कार्य करने वाले 132 रेल कर्मी किए गए पुरस्कृत
प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज मण्डल में राष्ट्र का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के उपरांत मण्डल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मण्डल, रजनीश अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान उन्होंने अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 132 रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक महोदय ने अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियनों, फेडरेशन एवं मीडियाकर्मियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आइए, इस पावन अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपने कर्तव्यों के प्रति पुनः समर्पित होने का संकल्प लें।
मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि प्रयागराज मंडल ऊर्जा, उत्साह, सकारात्मक सोच और टीम भावना से परिपूर्ण मंडल है। हमारे अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी एक परिवार की भावना के साथ मिलकर कार्य करते हैं। प्रयागराज आस्था, संस्कृति और संगम की नगरी है। महाकुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में प्रयागराज मंडल ने जिस तत्परता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं, वह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। मण्डल रेल प्रबंधक ने उत्कृष्ट कार्यों को रेखांकित करते हुये कहा कि ऊर्जा, पर्यावरण एवं नवाचार जुलाई 2026 में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए स्लीपर कोच में 6.93 kWp क्षमता वाले सोलर सिस्टम की सफल कमीशनिंग की गई है। पायलट कोच के प्रदर्शन मूल्यांकन के बाद प्रति माह दो कोच में इस प्रणाली को स्थापित करने की योजना है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मंडल में कुल 1,572 kWp क्षमता के ऑन-ग्रिड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में लगभग 9.29 लाख पौधे लगाए गए हैं ।
चालू वित्त वर्ष में अब तक 2.68 करोड़ यात्रियों को परिवहन सुविधा प्रदान की गई, जिससे ₹629.58 करोड़ की यात्री आय प्राप्त हुई। माल लदान से ₹312.26 करोड़ की आय अर्जित हुई और मंडल द्वारा कुल लगभग ₹1,019 करोड़ का अर्जन किया गया। माल यातायात के क्षेत्र में हरदुआगंज, अलीगढ़ एवं शिकोहाबाद मालगोदामों से पहली बार मक्का का लदान किया गया।
गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर G+5 मल्टी-फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के लिए 15 वर्ष का लाइसेंस प्रदान किया गया है, जिससे लगभग ₹2.10 करोड़ वार्षिक आय प्राप्त होगी। प्रयागराज छिवकी के कमर्शियल हब से लगभग ₹18.50 लाख वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा। इसके साथ ही टूंडला, चुनार एवं मिर्जापुर में इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशनों के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पांच प्रमुख स्टेशनों पर 12 बैटरी चालित कारें शुरू की गई हैं, जिससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग यात्रियों को सुविधा मिल रही है।
सभी विभागों के सामूहिक प्रयासों से जुलाई तक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 87.89 प्रतिशत रही, जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7.4 प्रतिशत अधिक है। जुलाई माह में यह 88.91 प्रतिशत रही। परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए रूमा-चंदारी खंड की तीसरी लाइन पर सेक्शनल स्पीड 100 से बढ़ाकर 110 किमी/घंटा की गई है। वर्तमान में मंडल से 390 ट्रेनें 130 किमी/घंटा की अधिकतम गति से संचालित हो रही हैं। यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 1 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 के बीच 5,207 स्पेशल ट्रेनें संचालित की गईं, औसतन 43 स्पेशल ट्रेनें प्रतिदिन।
विंध्याचल–गैपुरा के बीच 12.2 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन को जुलाई में कमीशन कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन–प्रयागराज के बीच 47.57 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन तथा चुनार–चोपन खंड में 34 किलोमीटर लंबी दोहरीकरण परियोजना को कमीशन किए जाने की योजना है । हमारे लिए संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। 19 मई से 16 जुलाई तक मोबाइल वीडियो वैन के माध्यम से सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें 263 स्थानों पर लगभग 21,989 लोगों की काउंसलिंग की गई और लगभग 29 हजार पर्चे वितरित किए गए।
वर्तमान वित्त वर्ष में 85 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही 16 सेफ्टी ड्राइव, 7 सेफ्टी सेमिनार, 9 सेफ्टी मीटिंग, 4 संरक्षा ऑडिट तथा 1,760 संरक्षा निरीक्षण किए गए। सुरक्षित रेल संचालन को और मजबूत करने के लिए 5 अतिरिक्त HBD मशीनें स्थापित की गई हैं तथा जुलाई तक 441 स्पेशल ट्रेनों का परीक्षण किया गया है। आधारभूत संरचना के क्षेत्र में इटावा, मिर्जापुर एवं टूंडला में 12 मीटर चौड़े तथा बिरोही एवं नारायणपुर बाजार में 3 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज बनाए गए हैं। चालू वित्त वर्ष में 36.51 किलोमीटर रेलवे लाइन की फेंसिंग भी की गई है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 17 जुलाई 2026 को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पनकी धाम, विंध्याचल एवं फतेहपुर तीन अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया गया।
रेलकर्मियों के बेहतर कैरियर, कल्याण और क्षमता विकास के लिए भी मंडल द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष में जुलाई तक 417 नए कर्मचारियों की भर्ती, 3,637 उम्मीदवारों का PET तथा 480 युवाओं को एक्ट अप्रेंटिस के अंतर्गत प्रशिक्षण दिया गया। मैनपावर के बेहतर उपयोग के लिए 700 से अधिक पदों की पहचान कर कर्मचारियों का आवश्यक विभागों में पुनर्नियोजन किया गया।
कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए 2,271 पदोन्नतियां प्रदान की गईं तथा 625 MACP मामलों का निस्तारण किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी 460 सेटलमेंट मामले उसी दिन निपटाए गए, जिस दिन वे सेवानिवृत्त हुए। फेस ऑथेंटिकेशन (Authentication) के माध्यम से 525 डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए, जो भारतीय रेलवे में सर्वाधिक हैं। सेवा के दौरान दिवंगत हुए 110 कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई। दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित रेलकर्मियों की सुविधा के लिए स्मार्ट सेंसर स्टिक एवं मोटराइज्ड ट्राई-स्कूटर उपलब्ध कराए गए। कर्मचारियों एवं आम जनता की 10,834 शिकायतों का निस्तारण तथा 2,420 RTI मामलों का निर्धारित समय में जवाब दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन ‘नन्हें फरिश्ते’ के अंतर्गत 231 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। ‘मिशन रेल सुरक्षा’ के अंतर्गत चोरी की रेल संपत्ति की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय सफलता मिली। ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत 11 मामलों में 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹1.09 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त किए गए। ऑपरेशन ‘मातृशक्ति’ के अंतर्गत 11 महिला यात्रियों को सुरक्षित प्रसव कराने में सहायता दी गई, जबकि ‘Life Saving’ के अंतर्गत 7 यात्रियों की जान बचाई गई।
प्रशासनिक एवं वित्तीय क्षेत्र में भी मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। चालू वित्त वर्ष में ₹37.65 करोड़ की स्क्रैप बिक्री की गई, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है। विभिन्न प्रस्तावों की आंतरिक जांच के माध्यम से ₹45.66 करोड़ की बचत सुनिश्चित की गई। 30 मई 2026 को मंडल कार्यालय में अत्याधुनिक साइबर-सुरक्षित SCADA सर्वर युक्त Remote Control Centre का शुभारंभ किया गया। इलेक्ट्रिक लोको शेड कानपुर में फायर हाइड्रेंट सिस्टम एवं रेडिएटर फिल्टर क्लीनिंग प्लांट की कमीशनिंग की गई।
जुलाई 2026 में 105 WAP-7 लोकोमोटिव पर 100 प्रतिशत KAVACH फिटमेंट पूरा कर लिया गया। अब ELS/CNB आधारित कुल 238 लोकोमोटिव KAVACH से लैस हो गए हैं। यात्री सुविधाओं के लिए मंडल में 85 वॉटर कूलर और 1,025 अतिरिक्त BLDC पंखे लगाए गए हैं। TTEs के लिए Body-Worn Camera की पहल भी शुरू की गई है, जिससे टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही और मजबूत होगी। इस अवसर पर आयोजित सांसकृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मृणाल कुमार ने मधुर आवाज़ में ‘लेके आई है हवाएं ये इशारा’ एवं नव्या सिंह ने भरत नाट्यम नृत्य, स्काउट & गाइड टीम की सुमन यादव ने वंदेमातृम गीत पर नृत्य, सपना द्विवेदी ने ने टीम के साथ ग्रुप डांस प्रस्तुत किया । इस कार्यक्रम में रंजीत सिंह द्वारा सिंथेसाइजर और अनिल कुमार जी द्वारा रिथम प्लेयर पर साज दिया गया ।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मृणाल कुमार ने मधुर स्वर में ‘लेके आई है हवाएं ये इशारा’ गीत प्रस्तुत किया। नव्या सिंह ने भरतनाट्यम नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। स्काउट एवं गाइड टीम की सुमन यादव ने ‘वंदे मातरम्’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। सपना द्विवेदी एवं टीम ने समूह नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में रंजीत सिंह ने सिंथेसाइजर तथा अनिल कुमार ने रिदम प्लेयर पर शानदार संगत प्रदान की। इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/ परिचालन, मो. मुबश्शिर वारिस, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा, धनंजय कुमार सिंह; महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मण्डल की अध्यक्षा , श्रीमती वंदना अग्रवाल; उपाध्यक्षा श्रीमती गुलशन वारिस एवं श्रीमती प्रज्ञा दीपक, सभी विभागों के शाखाधिकारी, यूनियन के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिवार के सद्स्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ एवं शांति के प्रतीक गुब्बारों को हवा में छोड़ा गया ।कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी, श्री वैभव कुमार गुप्ता ने दिया।
