खन्ना कैंप में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 256 मरीजों का हुआ उपचार

Spread the love

रेणुकूट । निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान बिड़ला कार्बन की ओर से सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत डाला स्थित सेवा समर्पण संस्थान के खन्ना कैंप में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वाराणसी स्थित अर्वाचीन हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही मरीजों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे लोगों की चिकित्सकों द्वारा जांच की गई और उन्हें बीमारी के अनुसार उचित सावधानियां बरतने तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल की सलाह दी गई। इस दौरान कुल 256 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और बिड़ला कार्बन की इस पहल की सराहना की।

बिड़ला कार्बन के यूनिट हेड शिवशंकर सिंह तथा मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में सीएसआर विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। कंपनी का उद्देश्य आसपास के ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी समय पर चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं मिल सकें।शिविर के दौरान लोगों ने कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर जरूरतमंदों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। स्थानीय लोगों ने कंपनी द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को निरंतर किए जाने की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *