पतरातू में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच बांटे गए 200 राष्ट्रीय ध्वज

Spread the love

पतरातू। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL), NTPC पतरातू के तत्वावधान में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। अभियान का औपचारिक शुभारंभ 9 अगस्त को किया गया। इसमें NTPC के कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ-साथ CISF के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर टाउनशिप में प्रभात फेरी निकाली गई तथा लोगों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया। टाउनशिप में स्थापित LED स्क्रीन के माध्यम से भी “हर घर तिरंगा” अभियान से संबंधित संदेश प्रदर्शित कर लोगों को जागरूक किया गया।

इसी क्रम में 12 अगस्त को PVUNL द्वारा अभियान को आसपास के समुदायों एवं विद्यालयों तक पहुंचाया गया। SS High School, Patratu में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच 200 राष्ट्रीय ध्वजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नारे, कविताएं, शायरी एवं भाषण के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और “हर घर तिरंगा” अभियान का संदेश दिया। लगभग 20 प्रतिभागियों ने इसमें सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को उपहार एवं राष्ट्रीय ध्वज प्रदान किए गए।

PVUNL के HR (मानव संसाधन) विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए इसके आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को अपने घरों में गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। PVUNL द्वारा आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, उनके परिवारों, CISF कर्मियों, विद्यार्थियों एवं आसपास के समुदायों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जोड़ा गया। अभियान ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *