बीएसएल में ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल की शुरुआत

Spread the love

बोकारो। स्टील प्लांट में डिजिटलाइजेशन एवं प्रक्रिया सरलीकरण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के तहत एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए मटेरियल मैनेजमेंट–रजिस्ट्रेशन एंड वेंडर रेटिंग विभाग द्वारा सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल का उद्देश्य वेंडर पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सरल, त्वरित, पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाना तथा प्रक्रिया में दक्षता बढ़ाना एवं हितधारकों को बेहतर सुविधा प्रदान करना है। डिजिटलाइजेशन की पहल के अंतर्गत विकसित यह पोर्टल वेंडर पंजीकरण प्रक्रिया में लगने वाले समय को उल्लेखनीय रूप से कम करने में सहायक होगा।

गौरतलब है कि पूर्व में वेंडर पंजीकरण की प्रक्रिया में भौतिक फाइलों के माध्यम से कार्यवाही किए जाने के कारण पंजीकरण में समय लगता था। परंतु अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से इस प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करते हुए पंजीकरण की अवधि को न्यूनतम करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पात्र वेंडरों के पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी आएगी और बीएसएल के साथ व्यावसायिक सहभागिता की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। पोर्टल के माध्यम से वेंडर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एवं पेपरलेस होगी, जिससे वेंडर अपने आवेदन तथा आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे दस्तावेजों के प्रबंधन में भी दक्षता बढ़ेगी तथा मैनुअल कार्यवाही में कमी आएगी। साथ ही, प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की बेहतर निगरानी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी सुविधा होगी।

उल्लेखनीय है कि इस पोर्टल को बीएसएल के एसएपी सिस्टम के साथ एकीकृत किया गया है। इस एकीकरण से पंजीकरण से संबंधित डेटा का रियल-टाइम फ्लो सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इससे डेटा की सटीकता एवं एकरूपता बनाए रखने, प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी तथा पंजीकरण संबंधी कार्यों के सुचारु निष्पादन में सुविधा होगी। ऑनलाइन वेंडर रजिस्ट्रेशन पोर्टल की शुरुआत बीएसएल की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, प्रक्रिया सरलीकरण एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। यह पहल न केवल वेंडर पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में सक्षम है, बल्कि बीएसएल और उसके वेंडर नेटवर्क के बीच बेहतर समन्वय एवं व्यावसायिक सहभागिता को भी मजबूत करने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *