भंडारी देवी को ले आने की तैयारी जोरो पर
अहरौरा, मिर्जापुर। सावन के दूसरे मंगलवार को क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां भंडारी को उनके मायके सीयूर स्थित राजा कर्णपाल सिंह की पहाड़ी से हजारों श्रद्धालुओं के साथ कहार डोली में बिठा कर ले आयेंगे जिसकी तैयारी लगभग पूर्ण कर ली गई है। मां भंडारी देवी विकास समिति से जुड़े शिशिर पांडेय ने बताया की प्राचीन मान्यता के अनुसार मां भंडारी देवी को हर तीसरे वर्ष अहरौरा बाजार के दक्षिण पूरब के कोने में स्थित राजा कर्णपाल सिंह की पहाड़ी से हजारों श्रद्धालुओं के जय कारे के साथ कहार डोली में बिठा कर ले आते हैं।
बताया जाता है की वहां भंडारी देवी का मायका है। मंगलवार को अहरौरा डीह निवासी सैकड़ों भक्त मंदिर के विकास से जुड़े पदाधिकारी बाजे गांजे के साथ दर्शनिया और कहार लेकर अपने गांव के बाढू बाबा मंदिर से मां को लाने के लिए राजा कर्णपाल सिंह की पहाड़ी पर जाएंगे। शिशिर पांडेय ने बताया की परम्परा है की राजा कर्णपाल सिंह की पहाड़ी पर स्थित मां के मायके में स्थित मंदिर से विधिवत पूजा अर्चना की बाद दर्शनिया मां की अर्चना कर डोली में बिठाते है इसके बाद कहार डोली लेकर मां के जयकारे के साथ परम्परा गत रास्ते से लेकर देर रात तक मां भंडारी के अहरौरा डीह स्थित पहाड़ी पर बने मंदिर में लेकर प्रतिष्ठापित करते हैं। इसी बीच कई स्थानों पर रोक रोक मां की पूजा अर्चना ग्रामीण करते हैं।
