स्व. कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने 5 मेगावाट सोलर पार्क का शिलान्यास और प्रतिमा का अनावरण किया

Spread the love

*माफिया मुक्त होकर विकास की राह पर बढ़ रहा मऊ, सौर पार्क से 5 हजार घर होंगे रोशन : ए.के. शर्मा*

*मंत्री ए के शर्मा का बड़ा बयान,मेरे भविष्य का फैसला महादेव या मोदी जी करेंगे*

लखनऊ,मऊ । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर मऊ में 5 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मंत्री श्री शर्मा ने घोषणा की कि इस सौर ऊर्जा पार्क का नामकरण स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर किया जाएगा।

मंत्री श्री ए.के. शर्मा के प्रयासों से मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली द्वारा लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से 5 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना की जा रही है। इस परियोजना के पूर्ण होने से मऊ में स्वच्छ एवं सस्ती विद्युत की उपलब्धता बढ़ेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। सौर पार्क से लगभग 5 हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर लगभग 50 हजार नागरिकों को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वर्गीय कल्पनाथ राय को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मऊ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और जनपद के विकास का एक स्पष्ट विजन उनके पास था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय ने जिस मऊ की विकास की परिकल्पना की थी, उसे आगे बढ़ाने का कार्य वर्तमान सरकार कर रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मऊ में भी सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे, सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और मऊ के उज्ज्वल भविष्य के लिए विकास की दिशा में आगे बढ़ें।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र श्री सिद्धार्थ राय यदि कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो वे उनके कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कहा कि वे यहां किसी का रास्ता रोकने नहीं आए हैं। उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला या तो महादेव करेंगे या तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी पूरी क्षमता के साथ आम आदमी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश को आगे ले जाने का स्पष्ट विजन है। उन्होंने स्वयं को मोदीभक्त बताते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व विधायक घोसी विजय राजभर, एमएलसी (सुभासपा) बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, ऋषिकांत राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं लगभग 50 हजार की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *