अप्रैल-जुलाई 2026-27 के दौरान 7.24 मिलियन टन का उत्कृष्ट माल लदान किया गया
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम चार माह (अप्रैल से जुलाई) की अवधि के दौरान माल लदान (Freight Loading) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है। इस अवधि में उत्तर मध्य रेलवे ने कुल 7.24 मिलियन टन (MT) माल का लदान किया है, जो कि गत वर्ष की समान अवधि (अप्रैल-जुलाई 2025-26) में दर्ज किए गए 6.73 मिलियन टन की तुलना में 7.6% अधिक है।
वस्तुवार निष्पादन का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि उत्तर मध्य रेलवे ने खाद्यान्न, सीमेंट तथा कंटेनर परिवहन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। चालू वित्त वर्ष की इस अवधि में खाद्यान्न के लदान में 70.3% की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई, वहीं, लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक सुगमता को गति देने वाले कंटेनर परिवहन में 13.0% की बढ़ोतरी तथा सीमेंट के लदान में 11.6% की वृद्धि के साथ 1.35 मिलियन टन सीमेंट लदान निष्पादित किया गया। इसके अतिरिक्त, अन्य वस्तुओं के लदान में भी 9.9% की वृद्धि दर्ज करते हुए 1.88 मिलियन टन का लदान हुआ, जबकि पेट्रोलियम एवं तेल मद में 2.25 मिलियन टन का माल परिवहन किया गया।
मंडलवार प्रदर्शन पर दृष्टि डालें तो उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने माल लदान में 30.1% की प्रभावी वृद्धि दर्ज की है। प्रयागराज मंडल का कुल लदान गत वर्ष के 2.29 मिलियन टन से बढ़कर 2.98 मिलियन टन पहुंच गया, जिसमें मुख्य रूप से खाद्यान्न लदान में हुई 257% तथा सीमेंट में हुई 42.9% की शानदार बढ़ोतरी का योगदान रहा। इसी क्रम में, झांसी मंडल ने 3.1% की सकारात्मक वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 3.28 मिलियन टन का माल लदान किया, जिसमें खाद्यान्न में 26.7% एवं अन्य वस्तुओं में 14.3% की बढ़त शामिल है। वहीं, आगरा मंडल द्वारा लगभग 1 मिलियन टन का लदान किया गया। ज्ञात हो कि, आगरा मंडल ने कंटेनर श्रेणी में 33.3% की सराहनीय वृद्धि दर्ज की है।
उल्लेखनीय है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर मध्य रेलवे को निर्धारित कुल 22.98 मिलियन टन माल लदान के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष, रेलवे ने प्रथम चार माह में ही 31.5% लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है। उत्तर मध्य रेलवे माल परिवहन संचालन की दक्षता में सुधार, वैगन उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लॉजिस्टिक्स तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
