तहसील समाधान दिवस के बाद डीएम व एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, बार अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय की मांग पर मिला आश्वासन
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को जल्द ही हाईटेक किया जाएगा, जिसके तहत परिसर के चारों ओर मजबूत बाउंड्री वाल का निर्माण और तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। यह आश्वासन जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने न्यायालय परिसर के निरीक्षण के दौरान दिया। इस घोषणा से स्थानीय वकीलों और वादकारियों में सुरक्षा को लेकर एक बड़ी उम्मीद जगी है।
डीएम व एसपी का संयुक्त निरीक्षण-
शनिवार को तहसील मुख्यालय में आयोजित ‘तहसील समाधान दिवस’ की समाप्ति के बाद, करीब ढाई बजे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा संयुक्त रूप से दुद्धी कचहरी परिसर का जायजा लेने पहुंचे। दोनों शीर्ष अधिकारियों ने न्यायालय भवनों, सुरक्षा चौकियों और परिसर की बुनियादी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रशासनिक और पुलिस मुखिया के एक साथ आगमन की सूचना मिलते ही दुद्धी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता मौके पर एकत्र हो गए।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के नेतृत्व में सुरक्षा की मांगदुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। इसके बाद अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने अधिकारियों को कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी गंभीर चिंताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कचहरी की बाउंड्री वाल कई जगहों से काफी जर्जर है, जिससे परिसर में अराजक तत्वों और लावारिस पशुओं का प्रवेश आसानी से हो जाता है। वकीलों ने पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने, बाउंड्री वाल को दुरुस्त करने और मुख्य द्वारों पर पुलिस सुरक्षा घेरा मजबूत करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई।
बाउंड्री वाल और सीसीटीवी कैमरों की मिलेगी सौगात-
अधिवक्ताओं की समस्याओं और सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मौके पर ही मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने वकीलों को आश्वस्त करते हुए कहा, “न्यायालय परिसर की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कचहरी की सुरक्षा को जल्द ही पूरी तरह हाईटेक बनाया जाएगा।”उन्होंने घोषणा की कि परिसर की टूटी और छोटी बाउंड्री वाल को ऊंचा और मजबूत बनाने के लिए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही, कचहरी परिसर के प्रत्येक कोने, प्रवेश और निकास द्वारों पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था को अपग्रेड करने और पुलिस गश्त बढ़ाने का भरोसा दिया।
बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि वादकारियों और वकीलों के लिए पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दुद्धी को निर्देशित किया कि वे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित अन्य विभाग के अभियंतों के साथ मिलकर बाउंड्री वाल और सीसीटीवी स्थापना का एक विस्तृत प्रस्ताव (डीपीआर) तैयार करें ताकि इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।डीएम व एसपी के इस त्वरित और सकारात्मक आश्वासन पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय सहित सभी पदाधिकारियों और स्थानीय अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और अधिकारियों के प्रति आभार जताया। इस मौके एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता, सीओ विनय प्रभाकर साहनी सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों सहित भारी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
