चन्दौली। जनपद के पीडीडीयू नगर क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में शुक्रवार (31 जुलाई) को बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील में कीड़ा पाया गया। मामला संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और त्वरित जांच के आदेश दे दिए है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 जुलाई को एनजीओ ‘महिला एवं विकास संस्थान, मोदीनगर (गाजियाबाद)’ द्वारा रोजाना की भांति क्षेत्र के कुल 13 विद्यालयों में मिड-डे मील (एमडीएम) का वितरण किया गया था। इसी दौरान कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार, पीडीडीयू नगर में भोजन वितरण के समय एक बच्चे की थाली में एक कीड़ा निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया है। बीएसए सचिन कुमार ने स्पष्ट किया कि घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जांच में जो भी पक्ष या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
