चतरा। स्थानीय समुदाय के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने एवं सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा सुपर थर्मल पावर स्टेशन (एनके एसटीपीपी) ने नव उद्घाटित इको पार्क, चतरा में दो बैटरी चालित ई-कार्ट उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन, चतरा के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए। ज्ञापन पर हस्ताक्षर रवि आनंद, भा.प्र.से. उपायुक्त, चतरा तथा नीरज रॉय, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुए। समझौते पर जिला प्रशासन, चतरा की ओर से मनोज टोप्पो, जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) तथा एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा की ओर से निखिल गुप्ता, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने हस्ताक्षर किए।
इस ज्ञापन के तहत एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा द्वारा दो ई-कार्ट की खरीद हेतु ₹13 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इन ई-कार्टों के माध्यम से इको पार्क में आने वाले पर्यटकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों एवं दिव्यांगजनों को पार्क के भीतर सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके भ्रमण का अनुभव और अधिक सुखद एवं सहज बनेगा। यह पहल एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा की सामुदायिक विकास गतिविधियों का हिस्सा है, जिसके माध्यम से क्षेत्र में जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा के मानव संसाधन तथा पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन/कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (आर एंड आर/सीएसआर) विभाग के अधिकारी एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
