श्रावणी मेले में कांवड़ियों को निःशुल्क चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु बीसीसीएल एवं प्रदान फाउंडेशन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर

Spread the love

धनबाद। कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन एवं कोल इंडिया लिमिटेड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान कांवड़ियों को निःशुल्क चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बीसीसीएल एवं प्रदान फाउंडेशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर संपन्न हुआ।  एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बीसीसीएल की ओर से विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण, बीसीसीएल सीएसआर टीम के अधिकारी तथा प्रदान फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एमओयू के तहत प्रदान फाउंडेशन द्वारा बीसीसीएल के सहयोग से संपूर्ण मेला अवधि के दौरान सुल्तानगंज से  देवघर पैदल पथ मार्ग पर एक निःशुल्क कांवड़िया चिकित्सा सेवा शिविर स्थापित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से कांवड़ियों को त्वरित एवं आवश्यक चिकित्सीय सहायता, प्राथमिक उपचार एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
श्रावणी मेला देश के वृहद् धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता को देखते हुए बीसीसीएल की यह पहल शिव-भक्तों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जन-कल्याणकारी पहलों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है। श्रावणी मेले में कांवड़ियों हेतु निःशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना इसी प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण है, जो सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा और सांस्कृतिक आस्था के समन्वय को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *