दुद्धी,सोनभद्र। प्रस्तावित सर्किल रेट में की गई भारी वृद्धि के विरोध में अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। संयुक्त बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर से लेकर तहसील परिसर तक जोरदार विरोध मार्च निकाला। इस दौरान वकीलों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़े हुए सर्किल रेट को तत्काल वापस लेने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन की मुख्य अगुवाई दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय एवं सिविल बार एसोसिएशन के सचिव अंजनी सिंह ने की। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि मनमाने ढंग से की गई यह बढ़ोतरी आम जनता की जेब पर भारी डाका है। ज्ञापन लेने पहुंचे तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने आंदोलित अधिवक्ताओं को शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिया कि अधिवक्ताओं के इस ज्ञापन को तत्काल सक्षम अधिकारियों तक भेजकर हर संभव समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने पुरानी सर्किल रेट को बहाल नहीं किया, तो आगामी 1 अगस्त से रजिस्ट्री कार्यालय का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।इस मौके पर प्रेमचंद यादव, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रामजी पाण्डेय, रामपाल जौहरी, अभिनाथ यादव सहित काफी संख्या में अधिवक्ता गण मौजूद रहे।
