तहसीलदार को ज्ञापन सौंप जताया विरोध, जल्द निर्माण कराए जाने की उठाई मांग
दुद्धी,सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के जामपानी गांव में आंगनबाड़ी और एएनएम केंद्र के लिए आरक्षित वन विभाग की भूमि पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य दबंगों ने लाठी-डंडों के बल पर रुकवा दिया। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने मामले को लेकर उपजिलाधिकारी दुद्धी को एक शिकायती पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने सुरक्षा मुहैया नहीं कराई और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की, तो वे भूख हड़ताल और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। सौंपे गए शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान आशा देवी और जामपानी के ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग और प्रभागीय वनाधिकार रेनुकूट के आदेश पर आंगनबाड़ी केंद्र और एएनएम सेंटर बनाने के लिए गाटा संख्या 147 ख में क्रमशः 0.1250 हेक्टेयर और 0.0875 हेक्टेयर भूमि आवंटित हुई है। बीते 24 जुलाई को क्षेत्रीय लेखपाल और प्रशासन की मौजूदगी में इस जमीन की पैमाइश भी पूरी कर ली गई थी।
इस मामले को लेकर दयाशंकर, राम सेलावन, राजबली, मोतीलाल, देवन्ती, सुमन देवी, पन्नालाल समेत गांव के 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान लगाकर एसडीएम से दो दिन के लिए पुलिस प्रशासन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बाउंड्री का काम पूरा हो सके। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि अगर सरकारी काम में बाधा डालने वाले साजिशकर्ताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्का जाम करेंगे। इस संबंध में तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि जल्द प्रशासनिक टीम गठित कर मामले की जाँच कराते हुए निर्माण कार्य कराए जायेंगे।
