नशे के विरुद्ध व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने का अपर जिलाधिकारी का निर्देश
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वापक नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित न रहकर जनसहभागिता एवं जागरूकता पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि नारकोटिक्स से संबंधित अपराधों के विरुद्ध निरंतर विशेष अभियान चलाते हुए मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों के प्रभावी अनुश्रवण एवं विचाराधीन मुकदमों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों से समन्वय बनाए रखा जाए।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की खेती न होने पाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण शासन, प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, जिससे जनपद में मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और युवाओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके। बैठक में पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, औषधि प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
