कार्यभार ग्रहण करते ही एक्शन में दिखे नए एसडीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

तहसील परिसर, न्यायालय और कचहरी रोड का किया औचक निरीक्षण

बार अध्यक्षों ने जर्जर भवनों और अतिक्रमण की समस्या की ओर दिलाया ध्यान

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी तहसील में नए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में पदभार ग्रहण करते ही अशोक कुमार गुप्ता पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। कार्यभार संभालते ही उन्होंने क्षेत्र की प्रशासनिक और बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं।शनिवार को एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने तहसील परिसर, स्थानीय न्यायालय परिसर और व्यस्त कचहरी रोड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, कार्यालयों के रख-रखाव और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही उन्होंने कचहरी रोड पर आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वहां मौजूद अधिवक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय एवं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी ने संयुक्त रूप से एसडीएम का ध्यान कचहरी की गंभीर समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया। बार अध्यक्षों ने न्यायालय परिसर के जर्जर भवनों व अधिवक्ताओं के चेम्बरों की खस्ताहाल स्थिति और कचहरी रोड पर सड़कों के किनारे बढ़ते अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से उठाया।एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने अधिवक्ताओं की बात को ध्यानपूर्वक सुना और जर्जर भवनों व अतिक्रमण की समस्याओं के हर संभव समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि तहसील और न्यायालय परिसर में आने वाले फरियादियों तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा और बुनियादी सुविधाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता होगी। इस दौरान तहसील प्रशासन के कई अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *