जमतीहवा नाले के पास राखड़ लदा ट्रेलर पलटा, कई घंटे बाधित रहा आवागमन

Spread the love

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला स्थित जमतीहवा नाले के पास शुक्रवार सुबह राखड़ लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ट्रेलर के पलटने से ट्रक, बस समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। यातायात बाधित होने के कारण कई बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना पड़ा। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों और प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे ने कहा कि बरसात के दिनों में नाले के पास सड़क की स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है, जिससे यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों अरविंद, कमलेश, प्रेमप्रकाश, राजकुमार, हीरालाल, पी.के. शर्मा और शाह मोहम्मद समेत अन्य लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की चैड़ाई और ऊंचाई बढ़ाकर इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *