राउरकेला इस्पात संयंत्र में ब्लास्ट फर्नेस-4 के ब्लोइंग-इन के साथ परिचालन के नए आयाम की शुरुआत

Spread the love

राउरकेला / सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने 23 जुलाई, 2026 को ब्लास्ट फर्नेस-4 (बीएफ-4) के सफल ब्लोइंग-इन के साथ परिचालन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह कार्य आरएसपी के निदेशक प्रभारी, आलोक पर कार्यपालक निदेशक (खान विकास), बी के गिरि, कार्यपालक निदेशक (संकार्य), बी आर पलई, कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन), अनिल कुमार, कार्यपालक निदेशक (खान), एम पी सिंह, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ), एस पाल चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा), राजेश दासगुप्ता, अनेक मुख्य महाप्रबंधक, आरएसपी के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लास्ट फर्नेस विभाग एवं सहयोगी एजेंसियों के कर्मचारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि, ब्लास्ट फर्नेस-4 ने 8 सितंबर, 2020 को रिलाइनिंग के बाद अपना छठा अभियान प्रारंभ किया था तथा 5 जुलाई, 2024 को इसे ब्लो-डाउन किया गया था। इसके बाद विस्तारित शटडाउन अवधि के दौरान फर्नेस में शॉटक्रिटिंग तथा अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य किए गए और जुलाई, 2026 में इसे पुनः संचालन के लिए तैयार किया गया। सफल ब्लोइंग-इन सूक्ष्म योजना, समन्वित क्रियान्वयन तथा ब्लास्ट फर्नेस समूह के समर्पित प्रयासों का परिणाम है, जिसमें विभिन्न सहयोगी विभागों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सभा को संबोधित करते हुए श्री आलोक वर्मा ने ब्लास्ट फर्नेस टीम को बीएफ-4 के सुरक्षित, स्थिर एवं सफल परिचालन प्रारंभ होने पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा प्रमुख तकनिकी-आर्थिक मानकों के अनुकूलन के माध्यम से हॉट मेटल की उत्पादन लागत कम करने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से कोक की खपत (कोक रेट) में कमी, पल्वेराईज़्ड कोल इंजेक्शन (पीसीआई) दर में वृद्धि तथा उच्च हॉट-ब्लास्ट तापमान प्राप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे फर्नेस के समग्र प्रदर्शन एवं प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि हो सके।

श्री बी आर पलई ने ब्लास्ट फर्नेस टीम तथा सभी सहयोगी विभागों को मरम्मत एवं पुनः संचालन कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए बधाई दी। उन्होंने सभी टीमों द्वारा प्रदर्शित सामूहिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए बीएफ-4 के तकनिकी-आर्थिक प्रदर्शन में निरंतर सुधार के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया। ब्लास्ट फर्नेसेस के मुख्य महाप्रबंधक, सुमीत कुमार ने निदेशक प्रभारी, कार्यपालक निदेशकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने संपूर्ण ब्लास्ट फर्नेस कर्मीसमूह को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विभिन्न सहयोगी विभागों के अमूल्य योगदान की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *