नई दिल्ली। ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच (WEP) और रिलायंस फाउंडेशन ने मध्य प्रदेश की पांच उत्कृष्ट महिला किराना उद्यमियों को सम्मानित किया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रत्येक महिला उद्यमी को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए एक-एक लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई। यह सम्मान ‘एम्पावरिंग रूरल वुमन किराना एंटरप्रेन्योर्स (RWKE)’ पायलट कार्यक्रम के अंतर्गत दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल तकनीक, बाजार से जुड़ाव और व्यवसायिक योजना बनाने का प्रशिक्षण देकर उनके किराना व्यवसाय को मजबूत बनाना है।
यह पहल मध्य प्रदेश के विदिशा, रायसेन और बड़वानी जिलों में संचालित की जा रही है। अब तक 175 से अधिक प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से 1200 घंटे से अधिक का प्रशिक्षण देकर 108 महिला किराना उद्यमियों को व्यवसाय प्रबंधन, लेखा-जोखा, बजट, इन्वेंट्री प्रबंधन और सप्लाई चेन जैसे विषयों में दक्ष बनाया गया है। नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. जोराम अनिया, WEP की मिशन निदेशक अन्ना रॉय, रिलायंस फाउंडेशन की महिला सशक्तिकरण प्रमुख दीप्ति नुकालापति तथा माइक्रोसेव कंसल्टिंग की एसोसिएट पार्टनर सोनल जेटली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिला संचालित किराना स्टोर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी बन रहे हैं। उचित प्रशिक्षण, डिजिटल अपनाने और वित्तीय प्रबंधन से महिलाएं न केवल अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं, बल्कि परिवार की आय और गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। रिलायंस फाउंडेशन ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम है और भविष्य में भी इस दिशा में ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
