निवेशकों की समस्याओं के निस्तारण और योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश
चन्दौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के औद्योगिक विकास, उद्यमियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं और विभिन्न विभागों में लंबित मामलों पर विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, सड़क, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यामियों को उद्योग चलाने एवं नये उद्योग की स्थापना के लिए विभागीय अधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी जिससे सम्बन्धित हो उन समस्या का निदान बिना देरी समुचित समाधान करें। इसके अलावा निवेशकों को जमीन, बिजली और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में उद्योगों की स्थापना को गति देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना’ की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई को निर्देशित किया कि युवाओं के स्वरोजगार और उद्यम स्थापना से जुड़े आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैंकों से समन्वय स्थापित कर युवा उद्यमियों को लोन मिलने में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में शिथिलता बरतने वाले विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जिला प्रशासन हर कदम पर निवेशकों और उद्यमियों की मदद के लिए तत्पर है। बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, आधिशासी अभियंता विद्युत, एलडीएम, पीडब्लूडी सहित उद्यमी गण एवं विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
