कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम, एसपी ने की समीक्षा

Spread the love

 श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी

सोनभद्र। आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होकर 28 अगस्त तक संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
  श्री गौड़ ने कहा कि जनपद में बड़ी संख्या में श्रद्धालु विजयगढ़ किले के समीप स्थित राम सरोवर से पवित्र जल लेकर शिवद्वार मंदिर तक पैदल एवं विभिन्न वाहनों से पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर प्रत्येक व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विजयगढ़ किले के समीप पेयजल, अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध करा दी जाएं। शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले सभी संपर्क मार्गों का पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी सड़क पर गड्ढे अथवा अवरोध न रहें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग एवं मंदिर परिसर के आसपास ढीले विद्युत तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, विद्युत लाइनों को सुरक्षित बनाया जाए तथा सभी स्ट्रीट लाइटें पूरी यात्रा अवधि के दौरान सुचारु रूप से संचालित रहें। नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत एवं जिला पंचायत राज विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिवद्वार मंदिर, विजयगढ़ क्षेत्र एवं संपूर्ण यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। 
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिवद्वार मंदिर के पुजारी, धर्मगुरु, व्यापारी प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *