रामागुंडम, । एनटीपीसी रामागुंडम ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर ) योजना के तहत रामागुंडम नगर निगम क्षेत्र के डिवीजन संख्या 2, 32, 33, 34 और 49 में ₹561.71 लाख की लागत से सीसी सड़क, बीटी सड़क एवं अंडरग्राउंड ड्रेनेज (भूमिगत जल निकासी) निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। आयोजित कार्यक्रम में रामागुंडम के विधायक मक्कन सिंह राज ठाकुर, रामागुंडम नगर निगम के मेयर महानकाली स्वामी, नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती जल्दा अरुणा श्री (आईएएस),एनटीपीसी रामागुंडम एवं तेलंगाना के मानव संसाधन प्रमुख सागर रंजन साहू, डीजीएम (एचआर) प्रवीण के. चौधरी, संबंधित वार्डों के पार्षद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक मक्कन सिंह राज ठाकुर और मेयर महानकाली स्वामी ने एनटीपीसी की सीएसआर पहलों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी स्थानीय बुनियादी ढांचे के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नागरिकों को बेहतर सड़क एवं जल निकासी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने एनटीपीसी से भविष्य में भी रामागुंडम क्षेत्र तथा परियोजना प्रभावित गांवों के समग्र विकास के लिए इसी प्रकार का सहयोग जारी रखने का अनुरोध किया। एनटीपीसी अधिकारियों ने कहा कि कंपनी ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है और शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आधारभूत संरचना तथा सामुदायिक विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से हजारों स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
