सोनभद्र, सिंगरौली। राष्ट्र के वृहत्तम विद्युत संयंत्र एनटीपीसी विंध्याचल ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, वैढ़न में छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं युवा छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में डॉ. मयूराक्षी भराली एवं एनटीपीसी अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के महत्व, संक्रमण से बचाव, संतुलित आहार एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों एवं झिझक को दूर करने का संदेश देते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। छात्राओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा महाविद्यालय को बास्केटबॉल एवं बैडमिंटन नेट भी प्रदान किए गए।
एनटीपीसी विंध्याचल के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला स्वास्थ्य, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। एनटीपीसी विंध्याचल अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर जनकल्याणकारी पहल करता रहा है, जिससे स्थानीय समुदाय के समग्र विकास को नई दिशा मिल रही है।
