बिड़ला कार्बन के सीएसआर स्किल डेवलपमेंट सेंटर से 62 प्रशिक्षार्थियों की नई उड़ान

Spread the love

रेणुकूट। बिड़ला कार्बन के सीएसआर विभाग द्वारा संचालित रनिंग वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में छह माह का कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाले 62 प्रशिक्षार्थियों के सम्मान में विदाई एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूनिट हेड शिवशंकर सिंह तथा मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा रहे। विशिष्ट अतिथियों में इंडियन पब्लिक स्कूल की प्रभा सक्सेना, हिंडालको स्कूल की अनीता सिंह, सपना तथा अवधूत भगवान स्कूल की पुष्पा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रशिक्षण केंद्र में ब्यूटीशियन, टेलरिंग, सॉफ्ट टॉयज मेकिंग, जूट बैग्स मेकिंग और मेहंदी क्राफ्टिंग जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जाता है, जिससे वे स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकें।

सीएसआर की निवेदिता मुखर्जी ने बताया कि वर्ष 2021 से संचालित इस केंद्र से अब तक 10 बैच सफलतापूर्वक पास आउट हो चुके हैं। ब्यूटीशियन, टेलरिंग, सॉफ्ट टॉयज और मेहंदी प्रशिक्षण सहित सैकड़ों प्रशिक्षार्थी यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से कई विभिन्न संस्थानों में कार्यरत हैं, जबकि अनेक ने स्वयं का रोजगार शुरू किया है। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि बिड़ला कार्बन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को कौशल देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रशिक्षार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *