करमा ,सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पापी के भगौती गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित कुआं निर्माण के चार माह बाद ही क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने कुएं के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
स्थानीय निवासी विजय शंकर पाण्डेय ने बताया कि विभाग ने कुएं की खुदाई के बाद निर्माण कार्य शुरू किया था, लेकिन इसमें निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। श्री पाण्डेय ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान मेरे साथ ग्रामीणों ने ठेकेदार तथा विभागीय कनिष्ठ अभियंता से गुणवत्ता पर आपत्ति जताई थी परन्तु जिम्मेदार लोगों ने एक भी बात नहीं सुनी। ग्रामीणों के अनुसार कुएं की जोड़ाई और निर्माण में घटियां सामग्री जैसे सिंगल ढोका और भस्सी का उपयोग किया गया। इसके परिणामस्वरूप कुछ ही समय बाद कुएं में दरारें पड़ गईं और वह फटने लगा। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जांच कराने की मांग की।
