इस्पात नगरी बोकारो में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

Spread the love

बोकारो । इस्पात नगरी में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बड़े ही धूम-धाम से निकाली गयी. विधिवत पूजा-अर्चना के साथ देव प्रतिमाओं को मंदिर प्रांगण से बाहर लाया गया और रथ पर आसीन किया गया. रथ की सफाई का कार्य छेरा-पन्हारा बीएसएल के निदेशक प्रभारी ने किया. इस अवसर पर बीएसएल के अधिशासी निदेशक, बोकारो महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती शुभम रंजन, उपाध्यक्षगण तथा अन्य सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा श्रद्धालु उपस्थित थे.

रथ यात्रा का शुभारंभ सेक्टर-4 स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर से हुआ. यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए बोकारो जनरल अस्पताल, गांधी चौक, सिटी सेंटर, पत्थरकट्टा चौक एवं राम मंदिर चौक से होकर राम मंदिर पहुंची. इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भव्य रथ को खींच रहे थे और साथ ही साथ भगवान जगन्नाथ के जयघोष लगा रहे थे. रथ के दोनों ओर बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान के दर्शन किए, पुष्प वर्षा की और जयघोष के साथ रथ का स्वागत  किया.

रथ यात्रा के दौरान, बोकारो महिला समिति और अन्य सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों ने भक्तों के लिए पेयजल, शरबत, फल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की. स्थानीय निवासियों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों ने भी सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे पूरा माहौल भक्ति और उल्लास से भर गया. बोकारो इस्पात नगरी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा प्रतिवर्ष भक्तिभाव, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई जाती है. इस वर्ष भी इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, नगरवासियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *