चेयरमैन कमलेश मोहन ने बच्चों में बांटे पौधे
दुद्धी, सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में एक भव्य पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच कुल 501 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों और शिक्षकों ने न सिर्फ नए पेड़ लगाने बल्कि उन्हें जीवित रखकर बचाने का भी सामूहिक संकल्प लिया।पौध वितरण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन द्वारा बच्चों को पौधे सौंपकर की गई। इस अवसर पर बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। आज के समय में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए।वहीं, विद्यालय के मैनेजर डॉ. लवकुश प्रजापति ने बच्चों को पौध संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे नियमित पानी देना और सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने घरों और आस-पास के खाली स्थानों पर इन पौधों को रोपे और उनके बड़े होने तक उनकी देखरेख करें। इस मौके पर विद्यालय का स्टाफ, शिक्षक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिन्होंने हाथों में पौधे लेकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
