बीसीसीएल के सहयोग से डालसा द्वारा सामुदायिक भवन, कोयला नगर में मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन

Spread the love

धनबाद। बीसीसीएल के सौजन्य से सामुदायिक भवन, कोयला नगर में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), धनबाद द्वारा ‘अधिकार आपका, प्रयास हमारा’ विषय के अंतर्गत एक भव्य विधिक सशक्तिकरण शिविर (मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैम्प) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न विधिक सेवाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, वैकल्पिक विवाद निस्तारण व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,  निकेश कुमार सिन्हा; पुलिस अधीक्षक (सिटी), ऋत्विक श्रीवास्तव; पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण),  एस. मोहम्मद याकूब; अध्यक्ष, बार एसोसिएशन,  राधेश्याम गोस्वामी; सचिव, बार एसोसिएशन,  जितेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अवसर पर विभागाध्यक्ष (सीएसआर) बीसीसीएल,  सुरेन्द्र भूषण; विभागाध्यक्ष (विधि) डॉ. कुमार शरत सिन्हा; विभागाध्यक्ष (प्रशासन)  मनीष मिश्रा; विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी, न्यायिक अधिकारी, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी,  पैरा लीगल वॉलंटियर्स, जेएसएलपीएस की स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ तथा धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, किड्ज क्लब ग्रुप, सेवा और समर्पण संस्था के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी। धनबाद लॉ कॉलेज तथा असर्फी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एजुकेशन के विधि छात्रों ने भी कार्यक्रम में अपनी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अपने संबोधन में सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल कोयला उत्पादन के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता प्रत्येक नागरिक का अधिकार है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं सहज रूप से पहुँचना आवश्यक है, जिससे समावेशी एवं संतुलित समाज की कल्पना को साकार किया जा सके। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित जनजागरूकता एवं विधिक सहायता संबंधी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में विधिक सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल भविष्य में भी जिला प्रशासन एवं अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा।

इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर आगमन के अवसर पर राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोक नगर की घोष टीम द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत करते हुए सीएमडी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक सभा स्थल तक एस्कॉर्ट किया गया।कार्यक्रम के समापन सत्र में सीएमडी सहित उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच सहायता राशि, मुआवजा राशि, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं अन्य लाभों का वितरण किया गया।

विदित हो कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बीसीसीएल द्वारा सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों के विभिन्न दावों का न्यायालय में वाद दायर होने से पूर्व ही सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इसके अंतर्गत गत वर्ष दिसंबर तथा इस वर्ष मार्च एवं मई में आयोजित लोक अदालतों के माध्यम से 9700 से अधिक लाभार्थियों के बीच ₹300 करोड़ से अधिक राशि का प्री-लिटिगेशन स्तर पर भुगतान एवं निस्तारण सुनिश्चित किया गया है। इसमें ग्रेच्युटी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, सेटलिंग भत्ता, अवकाश नगदीकरण तथा लाइफ कवर स्कीम से संबंधित दावों का समयबद्ध समाधान किया गया, जिससे अनावश्यक न्यायिक प्रक्रिया से बचाव हुआ तथा कर्मचारियों को शीघ्र न्याय एवं आर्थिक राहत प्राप्त हुई। यह पहल वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की प्रभावशीलता तथा समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इसके उपरांत सभी गणमान्य अतिथियों ने बीसीसीएल के सीएसआर, कल्याण एवं विधि विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इन प्रदर्शनी स्टॉलों में सीएसआर योजनाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास तथा सामुदायिक कल्याण संबंधी पहलों के साथ-साथ कल्याण एवं विधि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का भी विस्तृत प्रदर्शन किया गया। स्टॉल भ्रमण के दौरान गणमान्य अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों तथा दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर का वितरण भी किया। बीसीसीएल के सहयोग से आयोजित यह मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने, समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *