बोकारो।बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के स्त्री तथा प्रसूति रोग विभाग में परिवार नियोजन विभाग की ओर से विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय (थीम) “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” निर्धारित किया गया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान करना और जनसंख्या संतुलन एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन अस्पताल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व, जनसंख्या संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता तथा स्वस्थ एवं आधुनिक परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही युवाओं को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को परिवार नियोजन के आधुनिक उपायों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में बीजीएच के नर्सिंग स्कूल की छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टर एवं मॉडल प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया गया। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर BGH में प्रतिवर्ष एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जनसंख्या संतुलन, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना है, और साथ ही उन्हें एक स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
