मुख्यमंत्री ने बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 लाख शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का वाराणसी में शुभारम्भ किया
1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी हेतु उनके अभिभावकों के खातों में 1,320 करोड़ रु0 डी0बी0टी0 के माध्यम से अन्तरित किये
हमारे आदर्श आचार्य चाणक्य, पं0 मदन मोहन मालवीय, डॉ0 राधाकृष्णन,जब आचार्य चाणक्य जैसा गुरु होगा, तो देश कभी विपन्न नहीं हो सकता
उ0प्र0 की बहुत सी योजनाएं राष्ट्रीय स्तर पर सक्सेस स्टोरी के रूप में देखी जाती, ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत तथा प्रोजेक्ट अलंकार जैसे प्रयास इनका उदाहरण
वाराणसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी लोग उत्तम आरोग्यता को प्राप्त करें, इसके दृष्टिगत आज बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े 12 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोईया और वॉर्डन को 05 लाख रुपये वार्षिक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से लाभान्वित किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अध्ययनरत 01 करोड़ 10 लाख बच्चों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूता-मोजा, स्वेटर आदि के लिए पहले चरण में 1,320 करोड़ रुपये धनराशि उनके अभिभावकों के खातों में डी0बी0टी0 के माध्यम से अन्तरित की गयी है। आज प्रत्येक शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु बेसिक शिक्षा विभाग व स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया के मध्य एक एम0ओ0यू0 भी हस्ताक्षरित किया गया है।

मुख्यमंत्री जनपद वाराणसी में प्रदेश के बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 लाख शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी हेतु प्रति विद्यार्थी 1200 रुपये की दर से उनके अभिभावकों के खातों में 1,320 करोड़ रुपये डी0बी0टी0 के माध्यम से अन्तरित किये।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय योजना के अन्तर्गत भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रदेश के 12 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को सम्मानित तथा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड वितरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी के समक्ष बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों एवं संविदाकर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने हेतु स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया और बेसिक शिक्षा विभाग के साथ एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम में आयोजित प्रदर्शनी में विद्यालयों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की योजनाओं पर केन्द्रित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के भविष्य के साथ और देश की अखंडता के साथ खिलवाड़ करने का अधिकार किसी को नहीं होना चाहिए। हमारे आदर्श आचार्य चाणक्य, पं0 मदन मोहन मालवीय, डॉ0 राधाकृष्णन हैं। जब आचार्य चाणक्य जैसा गुरु होगा, तो देश कभी विपन्न नहीं हो सकता। विदेशी ताकतें हमारी ओर आंखें उठाकर नहीं देख सकती। इस प्रकार का माहौल बनाने के लिए विगत 09 वर्षों में आप सभी शिक्षकों ने बड़ी मेहनत और प्रयास किये हैं। उत्तर प्रदेश की बहुत सी योजनाएं राष्ट्रीय स्तर पर सक्सेस स्टोरी के रूप में देखी जाती है। ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत तथा माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रोजेक्ट अलंकार जैसे प्रयास इनका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिन स्कूलों में आप सभी ने अध्ययन किया है, यदि उन स्कूलों में कोई सुविधा अब तक नहीं हो पायी है, तो आपका दायित्व है कि आप भी उस विद्यालय में सुविधाओं के विकास के लिए अपना थोड़ा योगदान करें। इसे ही कृतज्ञता ज्ञापित करना कहते है। विद्यालय हमारे लिए किसी मन्दिर से कम नहीं हैं। वहां जाकर कार्यक्रमों में भागीदार बनना तथा अपना योगदान करना चाहिए। अनेक पुराने सरकारी इण्टर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज व शासकीय सहायता प्राप्त निजी क्षेत्र में संचालित विद्यालयों ने बहुत अच्छा काम किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी शिक्षकों से विद्यालयों में एक अनुशासित वातावरण बनाए जाने की अपेक्षा करती है। इस अनुशासित वातावरण के माध्यम से देश के भविष्य को अपनी पूरी क्षमता, मेहनत और प्यार से उन बच्चों को पढ़ा कर गढ़ने की आवश्यकता है। देश का भविष्य अच्छा होगा, तो हर नागरिक का भविष्य अपने आप अच्छा हो जाएगा। हमारी शिक्षा व्यवस्था इसका माध्यम बनेगी। कार्यक्रम को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह तथा माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह, विधायक डॉ0 नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह व त्रिभुवन राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, अपर मुख्य सचिव बेसिक और माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े हुए शिक्षकगण, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया उपस्थित थे।
