प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी यतेंद्र कुमार के नेतृत्व में स्टेशन, यार्ड, ट्रैक, पुल, समपार फाटक एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण
प्रयागराज । रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए आज दिनांक 04 जुलाई 2026 को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के अधिकारियों की टीम द्वारा प्रयागराज मंडल के अलीगढ़–दादरी खंड का इंट्रा रेलवे सेफ्टी ऑडिट किया गया। यह संरक्षा ऑडिट प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे यतेंद्र कुमार के नेतृत्व में किया गया।

निरीक्षण की शुरुआत अलीगढ़ स्टेशन से हुई। संरक्षा ऑडिट टीम ने निरीक्षण स्पेशल ‘परख’ द्वारा अलीगढ़–दादरी खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलपथ, सिग्नलिंग एवं परिचालन से जुड़े विभिन्न संरक्षा पहलुओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया।
अलीगढ़ स्टेशन पर टीम द्वारा स्टेशन मास्टर कार्यालय, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, रेलवे ट्रैक, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल विभाग के गियर्स, रिले रूम तथा यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित व्यवस्थाओं की कार्यप्रणाली तथा निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई।
इसके पश्चात टीम ने अलीगढ़–मेहरावल खंड स्थित समपार फाटक संख्या 110 का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध संरक्षा उपकरणों, परिचालन व्यवस्था एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के अगले चरण में डावर–खुर्जा खंड के मध्य स्थित रेल पुल संख्या 171 का गहन निरीक्षण किया गया। टीम ने पुल की संरचनात्मक स्थिति, अनुरक्षण व्यवस्था तथा संरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
खुर्जा स्टेशन पर संरक्षा ऑडिट टीम ने स्टेशन मास्टर कार्यालय, लॉबी, रनिंग रूम, रिले रूम, रेलवे ट्रैक, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा यार्ड का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त दादरी स्टेशन यार्ड स्थित कर्व संख्या 19 का भी निरीक्षण कर ट्रैक संरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों की जांच की गई।
संरक्षा ऑडिट के दौरान विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, उपकरणों के रखरखाव एवं संरक्षा मानकों के अनुपालन का गहन परीक्षण किया गया। विशेष रूप से संरक्षा श्रेणी के कर्मचारियों को नियमानुसार पूर्ण विश्राम उपलब्ध कराने, कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग तथा रेलवे में प्रयोग की जा रही नवीन तकनीकों के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की गई। टीम ने संरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की सतर्कता, तकनीकी दक्षता एवं संरक्षा नियमों के अनुपालन पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पर्यावरण एवं ग्रह सज्जा प्रबन्धक मनीष कुमार गुप्ता,उप मुख्य परिचालन प्रबंधक एन. पी. सिंह,मुख्य दूरसंचार इंजीनियर ए. के. राय, मुख्य विद्युत इंजीनियर एस. के. तिवारी तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक एम. एम. वारिस , वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यू सी शुक्ला सहित प्रयागराज मंडल के शाखा अधिकारी एवं सभी संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
संरक्षा ऑडिट के अंतर्गत निरीक्षण में प्राप्त बिंदुओं एवं संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा के लिए 06 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में मंडलीय अधिकारियों के साथ फीडबैक एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
