मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ

Spread the love

आमजन  के लिए आम प्रदर्शनी निशुल्क खुली रहेगी प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 9:00 तक

‘आम की दावत’ और ‘आम के अस्पताल’ बने आकर्षण का केंद्र, मलिहाबाद के किसानों को मिली नई तकनीक  

04 जुलाई को जन भवन में होगा क्रेता-विक्रेता सम्मेलन, निर्यात व प्रसंस्करण पर होगा मंथन

लखनऊ,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, बागवानी को प्रोत्साहित करने तथा प्रदेश के आम को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देकर आम उत्पादकों को अधिक लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

03 से 05 जुलाई तक आयोजित इस महोत्सव के प्रथम दिवस इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लगी आम की प्रदर्शनी आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के आमों को देखकर कौतूहल के साथ प्रदर्शनी का लुत्फ उठाया। आमजन के लिए प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 9:00 तक आम प्रदर्शनी निशुल्क खुली रहेगी। इसी क्रम में शाम को मलिहाबाद में आम के बागों के बीच आयोजित ‘आम की दावत’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए किसानों, उद्यान विशेषज्ञों एवं आगंतुकों ने विभिन्न प्रजातियों के आमों तथा आम से बने विविध व्यंजनों का स्वाद लिया। मलिहाबाद के उन किसानों को उद्यान विभाग की बगिया में आमंत्रित कर इस महोत्सव का हिस्सा बनाया गया है, जो राज्य की समृद्धि और सम्मान के प्रतीक हैं।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मलिहाबाद में आम के किसानों के लिए एक ‘नए इलाज का अस्पताल’ शुरू किया गया है, जहाँ आम के पेड़ की पत्ती से लेकर जड़ों तक का इलाज होगा। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में ऐसे अस्पताल जो आम की पत्तियों से जड़ तक का इलाज कर रहे हैं, यह केवल योगी सरकार में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव है।

महोत्सव के दूसरे दिन 04 जुलाई 2026 को जन भवन, लखनऊ में आम उत्पादकों, निर्यातकों एवं खरीदारों के लिए क्रेता-विक्रेता सम्मेलन तथा तकनीकी सत्र का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर आम उत्पादकों एवं निर्यातकों के मध्य अनुबंध, विपणन एवं निर्यात को बढ़ावा देने संबंधी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।

तकनीकी सत्र में केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ, एपीडा, प्रगतिशील किसान, एफपीओ प्रतिनिधि तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विशेषज्ञ आम की सुरक्षित तुड़ाई, पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, निर्यात मानकों, ब्रांडिंग, प्राकृतिक खेती तथा स्टार्टअप की संभावनाओं पर किसानों को जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *