चंदौली। मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने शुक्रवार को काशीराम आवास पाकेट-2 के निकट नवनिर्मित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशुओं के चारे, पानी और स्वास्थ्य व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
गोशाला में गर्मी से राहत के लिए कूलर और एयर कूलिंग सिस्टम चालू हालत में मिले। इसके साथ ही गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरा चारा उपलब्ध पाया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने गौशाला में मौजूद गोवंशों की संख्या का मिलान रजिस्टर से किया। कुल 112 गोवंश (नर और मादा) मौजूद पाए गए। उन्होंने केयरटेकरों से पशुओं को दिए जा रहे चारे और हरे चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। सीडीओ ने साफ तौर पर कहा कि चारे और पानी की कमी के कारण किसी भी गोवंश को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने गर्मी और बरसात के मौसम को देखते हुए गौशालाओं में जलभराव न होने देने और नियमित रूप से स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से गौशालाओं का दौरा कर पशुओं के स्वास्थ्य का परीक्षण करें और समय पर उनका टीकाकरण (वैक्सीनेशन) सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गोवंशों के रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित सचिव और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इन व्यवस्थाओं में कोई कमी न आए, इसके लिए सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, चंदौली को निर्देश दिये।
उन्होंने ईओ को नियमित रूप से गोशाला का दौरा करने और पशुओं के लिए इन सभी आवश्यक सुविधाओं को निरंतर सुनिश्चित बनाए रखने के लिए निर्देश दिये।
गो आश्रय स्थल पर बायोगैस प्लांट की स्थापना कराकर ईधन तथा जनरेटर के माध्यम से विद्युत् हेतु व्यवस्था कराई गयी है जिससे कान्हा गोशाला एक आत्मनिर्भर गोशाला बना है। इसी प्रकार से जनपद के अन्य गोशाला/ गो आश्रय केंद्र को भी आत्मनिर्भर बनाये जाने का पुरा प्रयास किया जा रहा है।
साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने वृहद गौ संरक्षण केंद्र, कठौड़ी नियामताबाद चन्दौली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, संबंधित खण्ड विकास अधिकारी तथा गो आश्रय स्थल के अन्य स्टाफ् उपस्थित थे। मौके पर बायोगैस प्लांट पर मरम्मत कार्य चल रहा था। खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह में कार्य पूर्ण कराकर गो संरक्षण केंद्र तथा बगल में मौजूद विद्यालय में मीड डे मील का खाना पकाए जाने हेतु ईधन उपलब्ध कराएंगे।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
