कनिहा, । जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि लगातार हुई भारी बारिश के कारण शुक्रवार देर रात लगभग 12:30 बजे एनटीपीसी कनिहा के बी-ज़ोन स्टेज-2 ऐश पॉन्ड के निचले हिस्से में स्थित ‘टो ड्रेन’ (जल निकासी नाली) गाद, राख एवं मिट्टी से अवरुद्ध हो गई। इसके चलते वर्षा का पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के एनटीपीसी परिसर में फैल गया।
एनटीपीसी प्रबंधन के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू किया। अवरुद्ध नाली की सफाई कर जल निकासी को सामान्य किया गया तथा ‘टो ड्रेन’ की मरम्मत भी कर दी गई।
प्रबंधन ने मीडिया में प्रसारित उन खबरों का खंडन किया है,जिनमें राखयुक्त पानी के खेतों,स्कूल परिसर या टिकिरा नदी तक पहुंचने का दावा किया गया था। एनटीपीसी का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र पूरी तरह उसके परिसर के भीतर है और राखयुक्त पानी बाहरी क्षेत्रों में नहीं फैला।
एनटीपीसी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक रखरखाव एवं निगरानी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
