नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम),रांची की वार्षिक पुरस्कार योजना 2025-26 के अंतर्गत मिला सम्मान
राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम),रांची की वार्षिक पुरस्कार योजना 2025-26 के अंतर्गत राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन तथा राजभाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के उत्कृष्ट एवं सफल संचालन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में सीसीएल की अग्रणी भूमिका तथा राजभाषा नीति के प्रभावी एवं सतत क्रियान्वयन के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
यह पुरस्कार सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिज़ाइन इंस्टिट्यूट (सीएमपीडीआई),रांची में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में निदेशक (तकनीकी/सीआरडी)नृपेन्द्र नाथ के कर-कमलों से सीसीएल के महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर गृह मंत्रालय के पूर्वी क्षेत्र के उप-निदेशक (राजभाषा)विचित्रसेन गुप्त पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में सीसीएल द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की। समारोह में सीसीएल के उप-प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. दिविक दिवेश भी उपस्थित रहे।
सीसीएल की यह उपलब्धि सीएमडी,निलेन्दु कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व तथा निदेशक (मानव संसाधन)हर्ष नाथ मिश्र के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। कंपनी ने राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, हिन्दी के प्रगतिशील प्रयोग,अधिकारियों एवं कर्मचारियों के राजभाषा प्रशिक्षण, तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्यों में हिन्दी के विस्तार तथा राजभाषा संबंधी नवाचारों के माध्यम से सार्वजनिक उपक्रमों के बीच राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट एवं अग्रणी पहचान स्थापित की है।
