चंदौली। जनता की समस्याओं के त्वरित और मौके पर निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विकास खंड सकलडीहा की ग्राम पंचायत फगुइया में जन चौपाल का आयोजन किया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की एक-एक कर समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
जन चौपाल में मुख्य रूप से बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई, पेंशन, खतौनी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अभियंता को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मानक रहित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जर्जर तारों व लो-वोल्टेज की समस्या को तत्काल दूर किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव (सेक्रेटरी) और एडीओ पंचायत को गांव में स्वच्छता अभियान को गति देने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।
जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर शिकायतों का ससमय निस्तारण सुनिश्चित करें।
