मऊ से दिल्ली और वाराणसी की कनेक्टिविटी हुई और मजबूत, ए के शर्मा ने दिखाई नई ट्रेनों को हरी झंडी
प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प को गति दे रहा भारतीय रेल का पहिया:ए के शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने आज मऊ रेलवे स्टेशन से पूर्वांचल को मिली नई रेल सुविधाओं के विस्तार का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उनके निरंतर प्रयासों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के परिणामस्वरूप क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।नई सुविधाओं के अंतर्गत दोहरीघाट–वाराणसी नई मेमू ट्रेन सेवा का संचालन प्रारंभ किया गया है। साथ ही मऊ–आनंद विहार (दिल्ली) ट्रेन तथा छपरा–आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन अब मऊ के रास्ते किया जाएगा, जिससे पूर्वांचल के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

इस अवसर पर ए. के.शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्वांचल की जनता की आवश्यकताओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें पूरा किया है। इसके लिए पूर्वांचल की जनता की ओर से वे उनका हृदय से धन्यवाद करते हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय रेल आज देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन बनकर उभरी है। रेल का प्रत्येक इंजन विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भारतीय रेल का पहिया नई गति और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है।

मंत्री श्री ए के शर्मा ने इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मऊ–आनंद बिहार ट्रेन को साप्ताहिक के स्थान पर दैनिक किए जाने की मांग भी रखी, ताकि यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि उनकी पहल पर मऊ जनपद में रेलवे के अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं। इसी क्रम में गोठा स्थित 25-सी एवं 27-सी अंडरपास के निर्माण का कार्य चल रहा है,इन कार्यों को तेजी से पूर्ण कराए जाने का आग्रह किया। शर्मा ने कहा कि रेल सुविधाओं का यह विस्तार केवल नई ट्रेनों का संचालन ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक आसान होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्य कार्यक्रम छपरा में आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा मऊ रेलवे स्टेशन से ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।इस दौरान उपस्थित जनसमूह द्वारा वर्चुअल माध्यम से उनके संबोधन को भी सुना गया।
