नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए मजिस्ट्रेट तैनात, नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
चन्दौली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को जनपद में पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
आगामी 21 जून को अपरान्ह 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा जनपद के निर्धारित 04 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसके सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करेगा।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गये है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी। केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री या किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे और धारा 144 लागू रहेगी। फोटोकॉपी की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगे।
चन्दौली जनपद में इस बार नीट परीक्षा के लिए निम्नलिखित 04 केंद्रों को निर्धारित किया गया है:
1. पूर्व मध्य रेलवे इण्टर कालेज, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर, चन्दौली।
2. नगर पालिका इण्टर कालेज, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर, चन्दौली।
3. पीएम श्री केन्द्र विद्यालय, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर (ब्लाक-ब)।
4. पीएम श्री केन्द्र विद्यालय, पं० दीनदयाल उपाध्याय नगर (ब्लाक-अ)।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पीने के शुद्ध पानी, बैठने की उचित व्यवस्था और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को समय से पहुंचने में कोई असुविधा न हो।
विशेष सतर्कता बरतते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर अग्निशमन फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की सेवाएं मुस्तैद रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
परीक्षा की गरिमा और शुचिता से समझौता करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर रासुका जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्याययिक रतन वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
