विकसित सोनभद्र की नई उड़ान विकास प्रदर्शनी में दिखी प्रगति, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की झलक

Spread the love

 पिछड़ेपन से प्रगति की ओर बढ़ता सोनभद्र विकास प्रदर्शनी बनी जनभागीदारी, नवाचार और सुशासन का सशक्त मंच

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पंचायत रिसोर्स सेंटर, सोनभद्र में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी जनपद की विकास यात्रा, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का सजीव दस्तावेज बनकर उभरी है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर विकास की बदलती तस्वीर को नजदीक से देखा। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, विधायक सदर भूपेश चैबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, पूर्व सांसद नरेन्द्र सिंह कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाने वाला सोनभद्र आज ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर प्रदेश के अग्रणी जनपदों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जनपद में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है तथा तकनीकी नवाचारों और औद्योगिक निवेश के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
  डीएम ने कहा कि यह विकास प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनपद की परिवर्तनकारी विकास यात्रा का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सोनभद्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।  प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा सुशासन की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी साझा किया गया। प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण आधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर आधारित ड्रोन आधारित कृषि सर्वेक्षण, कीटनाशक छिड़काव, स्मार्ट कृषि उपकरणों तथा आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ाने एवं लागत कम करने के उपायों को समझाया जा सके। प्रदर्शनी में जनपद की औद्योगिक क्षमता और आर्थिक योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। एनसीएल, आवादा ग्रुप, अदाणी समूह, हिंडालको, ओबरा तापीय परियोजना एवं अल्ट्राटेक जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों ने अपनी परियोजनाओं, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं को प्रस्तुत किया। इन प्रदर्शनों ने यह दर्शाया कि सोनभद्र प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अटल टिंकरिंग लैब की गतिविधियों को भी प्रदर्शनी में विशेष स्थान दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए नवाचार आधारित मॉडल और तकनीकी परियोजनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं।  यह प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में सोनभद्र के बढ़ते कदमों का प्रेरक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *