12 साल से भाजपा के मंत्रियों और नेताओं की शह पर सोनभद्र में ‘माफिया राज’ चल रहा है – रामराज सिंह गोंड

Spread the love

 सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने बुधवार को भाजपा सरकार और उसके मंत्रियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के 12 साल का कार्यकाल सोनभद्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय साबित हुआ है। उन्होंने मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोग और उनके चहेते मंत्री केवल अपनी जेबें भरने और कॉरपोरेट की दलाली में व्यस्त हैं, जबकि सोनभद्र की जनता बुनियादी चीजों के लिए तरस रही है। जिलाध्यक्ष ने सरकार और मंत्रियों को घेरते हुए कहा कि ‘मंत्रियों के संरक्षण में पल रहा है खनन माफिया’ 12 साल से सत्ता का मलाई खा रहे भाजपा के मंत्रियों और नेताओं की शह पर सोनभद्र में ‘माफिया राज’ चल रहा है। जो बालू-गिट्टी यहाँ की धरती से निकलती है, उसे ही यहाँ का गरीब दोगुनी कीमत पर खरीदने को मजबूर है। मंत्रियों के संरक्षण में संसाधनों की खुली लूट हो रही है और गरीब का आशियाना बनाना सपना हो गया है। ‘अडानी की दलाली बंद करे सरकार, आदिवासियों की जमीन बेचना बंद करो’ नगवा ब्लॉक में 30 किलोमीटर के दायरे में चल रही भूमि अधिग्रहण और जंगलों की कटाई सरकार और मंत्रियों की कॉरपोरेट परस्ती का जीता-जागता सबूत है। सरकार अपने आका अडानी की कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए आदिवासियों को उनकी ही जल, जंगल और जमीन से बेदखल कर रही है। कांग्रेस चेतावनी देती है कि मंत्रियों की इस कॉरपोरेट दलाली को हम सोनभद्र की धरती पर चलने नहीं देंगे। ‘पूरे देश को रोशन करने वाला ऊर्जांचल खुद अंधेरे में, मंत्रियों को शर्म आनी चाहिए। सोनभद्र का ‘ऊर्जांचल’ अपनी छाती पर प्रदूषण झेलकर पूरे देश को बिजली देता है, लेकिन यहाँ के मूल निवासी अघोषित बिजली कटौती और भारी-भरकम बिलों से त्रस्त हैं। स्थानीय मंत्रियों और विधायकों को इस पर शर्म आनी चाहिए कि वे सत्ता के नशे में चूर हैं और जनता लालटेन युग में जीने को मजबूर है। हम माँग करते हैं कि यहाँ के निवासियों को मुफ्त या बेहद रियायती दरों पर बिजली मिले। । ‘किसान बेहाल, मंत्री मालामाल’ 12 साल में सोनभद्र का किसान पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस गया और कर्ज के बोझ तले दबा है। सिंचाई योजनाएं सिर्फ मंत्रियों के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। किसानों के कृषि ऋण तुरंत माफ किए जाएं और सिंचाई के लिए मुफ्त पानी दिया जाए।कांग्रेस की खुली चेतावनी ‘सड़कों पर होगा मंत्रियों का घेराव’ जिला अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने साफ शब्दों में चेतावनी दी। ‘भाजपा सरकार और उसके मंत्री यह कान खोलकर सुन लें कि सोनभद्र आदिवासियों, किसानों और युवाओं का है, किसी कॉरपोरेट घराने या माफिया की बपौती नहीं है। अगर नगवा ब्लॉक के आदिवासियों को उजाड़ा गया या जनता की माँगें पूरी नहीं हुईं, तो कांग्रेस पार्टी मंत्रियों के घरों का घेराव करेगी, चक्का जाम करेगी और इस जनविरोधी सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी। इस दौरान फरीद अहमद, राजीव त्रिपाठी, सेतराम केशरी, आरटीआई के जिला अध्यक्ष मिश्रा, जिला महासचिव दयाशंकर पांडे, पिछड़ा प्रकोष्ठ कार्यवाहक अध्यक्ष दिनेश यादव आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *