प्रयागराज । ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा की जा रही नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई के परिणामस्वरूप 01 जनवरी 2026 से 14 जून 2026 तक कुल 1757 व्यक्तियों को बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
अलार्म चेन पुलिंग की सुविधा केवल आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रदान की जाती है। इसका अनावश्यक उपयोग ट्रेनों के संचालन में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे गाड़ियों की समयपालन क्षमता प्रभावित होती है तथा अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में इससे परिचालन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी उत्पन्न हो सकते हैं।
जनवरी 2026: 274 लोग गिरफ्तार, फरवरी 2026: 244 लोग गिरफ्तार, मार्च 2026: 341 लोग गिरफ्तार, अप्रैल 2026: 318 लोग गिरफ्तार, मई 2026: 386 लोग गिरफ्तार, जून 2026: 194 लोग गिरफ्तार, स्टेशन-वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 14 जून, 2026):, कानपुर सेंट्रल: 264, टूंडला: 186, प्रयागराज जंक्शन: 132, इटावा: 131, अलीगढ़: 131 ,नैनी: 117, फतेहपुर: 112, मिर्जापुर: 98, फफूंद: 96, प्रयागराज छिवकी: 66 मानिकपुर: 62, शिकोहाबाद: 62, सूबेदारगंज: 58, चुनार: 38, हाथरस: 37 , जीएमसी: 36, फ़िरोज़ाबाद: 35 , दादरी: 29, खुर्जा: 29, पनकी धाम: 22, कानपुर अनवरगंज: 16
रेल प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। अनावश्यक चेन पुलिंग करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग से बचें। प्रयागराज मंडल यात्रियों से आग्रह करता है कि वे अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। अनावश्यक चेन पुलिंग एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना तथा कारावास का प्रावधान है। यात्रियों के सहयोग से ही सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है। रेल प्रशासन इस दिशा में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। प्रयागराज मंडल यात्रियों के सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए यात्रियों के सहयोग की अपेक्षा भी करता है ।
