प्रयागराज मंडल में पेंशन अदालत का आयोजन, 23 प्रकरणों का निस्तारण

Spread the love

 प्रयागराज ।मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता के निर्देशन में दिनांक 15 जून को प्रयागराज मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मण्डल सभागार में पेंशन अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस पेंशन अदालत का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी/इंजीनियरिंग रुपेश कुमार सुमन तथा सहायक मण्डल वित्त प्रबंधक-I पी.के. मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। पेंशन अदालत का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में प्राप्त प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

जून माह की पेंशन अदालत में कुल 30 प्रकरण प्राप्त हुए थे। इनमें से 23 प्रकरणों का मौके पर ही अंतिम रूप से निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई। शेष 07 प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई प्रगति पर है। इन लंबित मामलों का निस्तारण भी शीघ्रातिशीघ्र सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा। प्रयागराज मंडल प्रशासन सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। पेंशन अदालत जैसे मंचों के माध्यम से पेंशनधारकों की शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *